रानीगंज पुलिस ने भटकी 12 वर्षीय आदिवासी छात्रा को सुरक्षित परिवार से मिलाया
पश्चिम बर्दवान, 22 जुलाई (हि. स.)। रानीगंज में पुलिस की सतर्कता, संवेदनशीलता और मानवीय सोच की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। रानीगंज थाना पुलिस ने शॉपिंग मॉल में अकेली भटक रही 12 वर्षीय आदिवासी छात्रा को सुरक्षित संरक्षण में लेकर उसके परिजनों से मिलाया। इससे एक संभावित अनहोनी को टल गई।
पुलिस के अनुसार, छात्रा की पहचान बंदना हांसदा के रूप में हुई है। वह रानीगंज थाना क्षेत्र के जेमारी ग्राम पंचायत अंतर्गत बेलियाबाथान आदिवासी गांव की निवासी है और स्थानीय विद्यालय में कक्षा छह की छात्रा है। मंगलवार शाम रानीगंज के एक शॉपिंग मॉल के कर्मचारियों की नजर बच्ची पर पड़ी। काफी देर तक उसे अकेले घूमते देख कर्मचारियों ने उससे बातचीत की, लेकिन वह अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता सकी। स्थिति को गंभीर समझते हुए उन्होंने तत्काल रानीगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर थाना प्रभारी (आईसी) सुबीर कर्मकार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित थाने ले आई। शुरुआत में वह डरी-सहमी हुई थी और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने धैर्य और स्नेह के साथ उससे बातचीत की, जिसके बाद उसने अपना नाम और गांव की जानकारी दी। इसी आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क स्थापित किया।
थाने में घर की याद आने पर बच्ची भावुक होकर रोने लगी। ऐसे में महिला पुलिसकर्मियों ने उसे बेटी की तरह संभाला। उससे बातचीत की, खेल खिलाए, भोजन कराया और उसका मन बहलाने के लिए पिज्जा भी खिलाया। कुछ ही देर में बच्ची सामान्य हो गई और मुस्कुराते हुए बोली कि पुलिस के दीदी और काकू ने उसका बहुत ख्याल रखा।
सूचना मिलने पर बच्ची के परिजन रानीगंज थाने पहुंचे। सभी आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और रानीगंज थाना पुलिस का आभार जताया।
प्राथमिक जांच में परिजनों ने बताया कि बंदना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिवार उसकी तलाश में जुट गया था। इसी दौरान रानीगंज थाना से फोन आने पर उन्हें पता चला कि उनकी बेटी पूरी तरह सुरक्षित है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वह अकेले रानीगंज शहर तक कैसे पहुंची।
बेलियाबाथान गांव के प्रधान सिद्धार्थ मार्डी ने रानीगंज थाना पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की समय पर की गई कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। उन्होंने पुलिस की तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदार कार्यशैली की प्रशंसा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

