home page

तारातला हादसे में रानीगंज के मजदूर नवीन सिंह की मौत की खबर से परिवार में मातम

 | 

कोलकाता, 26 जून (हि.स.)। कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन वेयरहाउस गोदाम का शेड गिरने से हुए भीषण हादसे में पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज निवासी नवीन सिंह की मौत की पुष्टि शुक्रवार को हुई है। इस खबर के सामने आते ही परिवार और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृत नवीन सिंह का शौक को रानीगंज लाया जाएगा। उसके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया जायेगा।

रानीगंज के लायकबाजार निवासी नवीन सिंह निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और ठेकेदार के अधीन तारातला स्थित निर्माणाधीन परिसर में काम कर रहे थे। हादसे के बाद से वह लापता थे और परिवार लगातार उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठा था, लेकिन शुक्रवार को उनकी मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे नवीन सिंह की अपनी पत्नी नेहा देवी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय उन्होंने बताया था कि वह काम में व्यस्त हैं और बाद में बात करेंगे। इसके बाद उनसे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। दोपहर करीब एक बजे ठेकेदार की ओर से हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में चिंता बढ़ गई थी। उसी दिन पत्नी नेहा देवी और उनका बड़ा बेटा प्रिंस सिंह कोलकाता के लिए रवाना हुए थे।

शुक्रवार को नवीन सिंह की मौत की पुष्टि होने के बाद परिवार में मातम का माहौल है। घर पर उनकी बेटी कोमल कुमार और छोटा बेटा आर्यन सिंह मौजूद हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के चले जाने से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक और मानसिक संकट खड़ा हो गया है।

परिजनों ने बताया कि नवीन सिंह किशोरावस्था से ही निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे। करीब 15 दिन पहले वह आखिरी बार घर आए थे और एक सप्ताह परिवार के साथ बिताने के बाद दोबारा काम पर लौट गए थे।

स्थानीय लोग और पड़ोसी परिवार को सांत्वना दे रहे हैं। अब परिजनों की मांग है कि प्रशासन की ओर से उचित सहायता और मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा