रानीगंज में लोहे के अवैध कारोबार पर पुलिस का शिकंजा
पश्चिम बर्दवान, 26 जुलाई (हि. स.)। आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में अवैध लोहे और कारखानों के स्क्रैप के कारोबार पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। रानीगंज थाना क्षेत्र के पंजाबी मोड़ इलाके में लंबे समय से चल रहे कथित लोहे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने छापेमारी कर महत्वपूर्ण दस्तावेज, कई फाइलें और एक लैपटॉप बरामद किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, लोहे के अवैध कारोबार के मामले में तीन दिन पहले मोहम्मद गफ्फार और मोहम्मद अहमद राजा को गिरफ्तार किया गया था। मामले में एक अन्य आरोपित मोहम्मद इरफान अभी भी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपितों को पुलिस रिमांड पर लेने के बाद उनकी निशानदेही पर कथित अवैध स्क्रैप यार्ड में तलाशी अभियान चलाया गया।तलाशी के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, फाइलें और एक लैपटॉप जब्त किया।
जांच अधिकारियों का मानना है कि इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों से अवैध लोहे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका का खुलासा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पंजाबी मोड़ क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से अवैध लोहे और फैक्ट्रियों के स्क्रैप की खरीद-बिक्री का बड़ा नेटवर्क सक्रिय था। आरोप है कि रानीगंज, अंडाल, जामुड़िया सहित औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से अवैध रूप से लाया गया लोहा और स्क्रैप इसी गिरोह तक पहुंचाया जाता था।
पुलिस अब बरामद दस्तावेजों और लैपटॉप की गहन जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

