home page

विस चुनाव 2026: रानीबांध में उम्मीदवार के साथ दिखीं ज्योत्स्ना मांडी

 | 
विस चुनाव 2026: रानीबांध में उम्मीदवार के साथ दिखीं ज्योत्स्ना मांडी


विस चुनाव 2026: रानीबांध में उम्मीदवार के साथ दिखीं ज्योत्स्ना मांडी


बांकुड़ा, 19 मार्च (हि.स.)। ज्योत्स्ना मांडी को इस बार तृणमूल कांग्रेस ने बांकुड़ा जिले के रानीबांध विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार नहीं बनाया है। उनकी जगह पार्टी ने नई उम्मीदवार तनुश्री हांसदा को मैदान में उतारा है। इसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज थीं कि क्या ज्योत्स्ना मांडी पार्टी उम्मीदवार के समर्थन में सक्रिय रहेंगी।

इसी बीच गुरुवार को रानीबांध बाजार में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में ज्योत्स्ना मांडी खुद तनुश्री हांसदा के साथ नजर आईं। उन्होंने उम्मीदवार को फूल देकर शुभकामनाएं दीं और कुछ दूरी तक रैली में भी शामिल होकर एकजुटता का संदेश दिया।

रैली के दौरान माइक संभालते हुए ज्योत्स्ना मांडी ने कहा कि नेतृत्व ने जो निर्णय लिया है, उसे सभी को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें सम्मान और जिम्मेदारी दी है और अब वह पूरी तरह से उम्मीदवार के साथ खड़ी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति से बचने की अपील की और कहा कि जरूरत पड़ने पर वह हमेशा साथ रहेंगी।

हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता की तबीयत खराब होने के कारण उन्हें कुछ दिनों के लिए क्षेत्र से बाहर रहना पड़ सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे लेकर कोई गलत संदेश नहीं जाना चाहिए।

वहीं, टिकट नहीं मिलने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा उनके घर के सामने जश्न मनाने की घटना पर उन्होंने नाराजगी भी जताई और कहा कि इस तरह का व्यवहार उचित नहीं है।

दूसरी ओर, ज्योत्स्ना मांडी के समर्थन से उत्साहित तनुश्री हांसदा ने इसे राजनीतिक शिष्टाचार बताया फिर दोनों नेताओं ने मिलकर यह संकल्प भी लिया कि आने वाले समय में वे कंधे से कंधा मिलाकर जनता के बीच जाएंगे। ममता बनर्जी के विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने और “मां-माटी-मानुष” की ताकत को और मजबूत करने के लिए वे संयुक्त रूप से प्रचार अभियान चलाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता