home page

श्रीराम कथा : श्री राम- शबरी मिलन प्रसंग सुन श्रद्धालुओं में उमड़ी भक्ति भावना

 | 
श्रीराम कथा : श्री राम- शबरी मिलन प्रसंग सुन श्रद्धालुओं में उमड़ी भक्ति भावना


कोलकाता, 05 जून (हि. स.)। पूर्वांचल कल्याण आश्रम द्वारा कोलकाता के स्टेडल बैंक्विट में आयोजित श्रीराम कथा के छठे दिवस पर पूज्य आचार्य मृदुलकांत शास्त्री ने प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन चरित्र का अत्यंत मार्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया।

आज की कथा में ऋषि-मुनियों के साथ प्रभु श्रीराम के संवाद, सीता हरण तथा माता शबरी के आश्रम में प्रभु के आगमन के प्रसंगों का हृदयस्पर्शी चित्रण किया गया। विशेष रूप से माता शबरी द्वारा प्रभु का प्रेमपूर्ण आतिथ्य तथा भगवान श्रीराम द्वारा उन्हें प्रदान किए गए नवधा भक्ति के उपदेश ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान अनेक श्रद्धालुओं की आंखें भाव-विभोर होकर नम हो गईं।

प्रतिदिन की भांति मुख्य यजमान राजेश एवं सीमा गुप्ता ने दैनिक यजमान चंद्र प्रकाश- अनिला केडिया, प्रसाद यजमान सुरेंद्र जी गोयल और विजय प्रभा जालू तथा श्रृंगार यजमान बालीगंज समिति के साथ व्यासपीठ का पूजन कर कथा का शुभारंभ किया।

आज की कथा में हिंदू आध्यात्मिक सेवा फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक गुणवंत सिंह कोठारी एवं अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री भगवान सहाय की गरिमामयी उपस्थिति रही। बड़ाबाजार समिति की बहनों ने उद्बोधन गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन किया श्रीमती बीना जाजोदिया ने।

संपूर्ण वातावरण भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक आनंद से ओत-प्रोत रहा। अंत में मंगल आरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कथा का समापन हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष मधुप