रामनवमी विहिप ने रानीगंज निकाली शोभायात्रा
आसनसोल, 27 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के रानीगंज शहर में शुक्रवार को श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर आस्था, उत्साह और भक्ति का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के तत्वावधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को धार्मिक रंग में रंग दिया।
यह शोभायात्रा बड़ाबाजार, मारवाड़ी पट्टी, तिलक रोड, बर्न्स प्लॉट, स्टेशन रोड, एनएसबी रोड, शिशु बगान और दालपट्टी मोड़ होते हुए पुनः सराफ भवन पर समाप्त हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे शहर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
शोभायात्रा के दौरान आकर्षण का केंद्र बनीं भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य झांकियां। इन झांकियों को अत्यंत सुंदर ढंग से सजाया गया था, जिसमें पारंपरिक परिधान पहने कलाकारों ने जीवंत प्रस्तुतियां दीं। रंग-बिरंगी रोशनी, सजीव मंचन और धार्मिक संगीत ने वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना दिया।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस, रैपिड एक्शन फोर्स (रैफ) और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। तारबंगला, एतवारी मोड़, चीनकोठी, हटिया और कसाई मोहल्ला सहित कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर सघन निगरानी रखी गई।
इस दौरान राजनीतिक दलों की भी उपस्थिति देखने को मिली। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशियों ने भी शोभायात्रा में भाग लेकर लोगों से संवाद किया। हालांकि आयोजन पूरी तरह धार्मिक स्वरूप में संपन्न हुआ और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों ने रानीगंज के नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में धार्मिक आस्था और एकता आज भी मजबूत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

