रामनवमी शोभायात्रा में हथियार प्रदर्शित करने पर न्यू टाउन में हंगामा
कोलकाता, 26 मार्च (हि.स.)। रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को न्यू टाउन में निकाली जा रही शोभायात्रा को लेकर कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। शोभायात्रा में हथियार प्रदर्शित करने के आरोप के बाद पुलिस ने जुलूस को रोक दिया, जिससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यू टाउन स्थित राम मंदिर से रामनवमी की शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा तलवार लाने की शिकायत सामने आई। इसके बाद न्यू टाउन और बिधाननगर पुलिस की संयुक्त टीम ने जुलूस को रोक दिया। पुलिस का कहना था कि हथियार के साथ इस प्रकार की शोभायात्रा की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इस दौरान राजारहाट-न्यू टाउन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार पीयूष कनोड़िया भी शोभायात्रा में मौजूद थे। उन्होंने पुलिस से बातचीत कर जुलूस को आगे बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस अपने निर्णय पर अडिग रही। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक तीखी बहस और कहासुनी हुई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य होने पर शोभायात्रा को आगे बढ़ने दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

