मिरिक में भाजपा समर्थित उम्मीदवार सोनम लामा के समर्थन में रैली
सिलीगुड़ी, 07 अप्रैल (हि. स.)। मिरिक में मंगलवार को भाजपा गठबंधन की ओर से एक विशाल रैली निकाली गई। रैली अल्ले ग्राउंड से शुरू होकर हाट मार्केट तक जाकर समाप्त हुई। रैली में गठबंधन के नेताओं ने हिस्सा लिया और भाजपा समर्थित उम्मीदवार सोनम लामा के पक्ष में समर्थन जुटाया। रैली में भाजपा सांसद राजू बिष्ट और सोनम लामा ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
रैली के दौरान गोरखा समुदाय की एकजुटता साफ तौर पर देखने को मिली।
मिरिक के लोगों के उत्साह ने यह संकेत दिया कि वे इस बार बदलाव चाहते हैं। “मिरिक चाहता है असली परिवर्तन” का संदेश पूरे इलाके में गूंजता रहा। रैली में युवा से लेकर बुजुर्ग तक बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर गोरखा समाज के भविष्य को सुरक्षित करने, अपने सम्मान की रक्षा करने और क्षेत्र में विकास को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
रैली में शामिल भाजपा सांसद राजू बिष्ट ने दावा किया कि मिरिक की जनता इस बार तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर भाजपा उम्मीदवार को जीत दिलाने के लिए तैयार है। उन्होंने मिरिक के लोगों के प्रति उनके समर्थन और प्यार के लिए आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

