पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर बांधी जाएंगी 25 लाख से अधिक राखियां, राखी उत्सव के लिए करीब 9 करोड़ का बजट
कोलकाता, 27 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में शुक्रवार को राखी बंधन उत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 8 करोड़ 97 लाख 17 हजार रुपये का बजट तय किया है। इस दौरान राज्यभर में 25 लाख 60 हजार 500 राखियां वितरित की जाएंगी। केवल राखियों की खरीद पर 2 करोड़ 85 लाख 67 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्यस्तरीय राखी बंधन कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 10 बजे कोलकाता के नजरुल मंच में आयोजित किया जाएगा। कोलकाता नगर निगम की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 2,500 विद्यार्थी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा उनके जादवपुर में आयोजित एक अन्य राखी बंधन कार्यक्रम में शामिल होने की भी संभावना है।
सरकार की ओर से जारी बजट के अनुसार, राज्य की 3,342 ग्राम पंचायतों के लिए सबसे अधिक 3 करोड़ 34 लाख 20 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। राज्य के 22 जिला मुख्यालयों को कुल 22 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, जीटीए और कोलकाता नगर निगम के कार्यक्रमों के लिए एक-एक लाख रुपये आवंटित किए गए हैं।
कोलकाता नगर निगम के 144 वार्डों के लिए 28 लाख 80 हजार रुपये, छह नगर निगमों के लिए छह लाख रुपये और 121 नगरपालिकाओं के लिए कुल एक करोड़ 21 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा 45 अनुमंडलों के लिए 11 लाख 25 हजार रुपये और 345 प्रखंडों में राखी बंधन उत्सव के आयोजन के लिए 86 लाख 25 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार बड़े स्तर पर राखी बंधन उत्सव आयोजित किया जा रहा है। सरकार के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य प्रेम, भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रभावना के बंधन को मजबूत करना है। शुक्रवार को पूरे राज्य में विभिन्न स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

