रंगदारी समेत कई मामलों के आरोपित राजू गुप्ता गिरफ्तार
हुगली, 20 नवंबर (हि. स.)। रंगदारी समेत कई अन्य आपराधिक मामले के आरोपित को राजू गुप्ता को पुलिस ने गुरुवार आधी रात को छापेमारी कर गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित को शुक्रवार को चुंचुड़ा अदालत में पेश किया गया। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ रंगदारी समेत कई अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं।
गौरतलब है कि बीते एक नवंबर को हुगली ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कुंवर भूषण सिंह ने मोगरा थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रंगदारी और अन्य आपराधिक मामलों में चार आरोपितों की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। उस दौरान आरोपितों के पास से दो सात एमएम पिस्टल, 10 कारतूस और चार लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस ने इस मामले में कई अन्य लोगों के शामिल होने की आशंका भी जताई थी। इसी मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए अब पुलिस ने राजू गुप्ता को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

