राजू बिष्ट को मिली नई जिम्मेदारी, भाजपा ने बनाया सिक्किम का प्रदेश प्रभारी
दार्जिलिंग, 23 सितंबर (हि. स.)। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिक्किम का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया है। बुधवार को जारी बयान में बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति आभार जताते हुए नई जिम्मेदारी स्वीकार की।
राजू बिष्ट ने कहा कि यह जिम्मेदारी उनके लिए संगठनात्मक दायित्व के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ताओं, सिक्किम की जनता और एनडीए के सहयोगी दलों के साथ समन्वय बेहतर करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि सिक्किम में उनकी प्राथमिकता प्रदेश भाजपा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करना तथा जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव बढ़ाना होगा। उन्होंने नागरिकों की आकांक्षाओं और समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने तथा संगठन को समावेशी और जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने की दिशा में काम करने की बात कही।
बिष्ट ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश में बुनियादी ढांचे, आर्थिक विकास, सामाजिक कल्याण, कनेक्टिविटी और राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में काम आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने सिक्किम में वरिष्ठ नेताओं, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

