करोड़ों के हाईवे कॉरिडोर की घोषणा का राजू बिष्ट ने किया स्वागत, बोले- उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
सिलीगुड़ी, 29 सितंबर (हि. स.)। दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने सिलीगुड़ी, गुवाहाटी और शिलांग को जोड़ने वाले प्रस्तावित 630 किलोमीटर लंबे हाईवे कॉरिडोर की घोषणा का स्वागत किया है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस परियोजना की अनुमानित लागत 61 हजार 500 करोड़ रुपये बताई है।
सांसद राजू बिष्ट ने बुधवार प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि यह परियोजना उत्तर बंगाल और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा पहल है। उनके अनुसार, इससे क्षेत्र में सड़क संपर्क, आर्थिक गतिविधियों और रणनीतिक कनेक्टिविटी को मजबूती मिलेगी। प्रस्तावित कॉरिडोर में सिलीगुड़ी-गुवाहाटी के बीच करीब 400 किलोमीटर का हिस्सा शामिल है, जिसकी अनुमानित लागत 30 हजार करोड़ रुपये बताई गई है।
बिष्ट ने अपने बयान में सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जिसे आमतौर पर ‘चिकन नेक’ कहा जाता है, की रणनीतिक महत्ता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कॉरिडोर के साथ गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे परियोजना भी उत्तर भारत, उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर के बीच सड़क संपर्क को मजबूत करेगी। केंद्र सरकार ने गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक एक्सप्रेस-वे कनेक्टिविटी परियोजना पर भी काम शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि बेहतर हाईवे से माल परिवहन, पर्यटन, व्यापार और यात्रियों की आवाजाही को सुविधा मिलेगी। साथ ही, उत्तर बंगाल और पूर्वोत्तर के युवाओं के लिए रोजगार एवं आजीविका के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
राजू बिष्ट ने दार्जिलिंग हिल्स, सिलीगुड़ी, तराई, डुआर्स और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए इसे महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

