विस चुनाव 2026 : डेबरा में राजीव बनर्जी और सुभाशीष ओम आमने-सामने
मेदिनीपुर, 19 मार्च (हि. स.)। डेबरा विधानसभा सीट को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजीव बनर्जी जहां डेबरा में संगठन को मजबूत कर जीत की राह आसान बनाने में जुटे हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से सुभाशीष ओम को इस सीट से उम्मीदवार बनाया गया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
डेबरा में ‘अपरिचित’ माने जा रहे राजीव बनर्जी ने क्षेत्र में पहुंचते ही संगठनात्मक समीकरण साधने की कोशिश शुरू कर दी है। उन्होंने जिला, ब्लॉक और क्षेत्रीय नेतृत्व के साथ लगातार बैठकें कर जमीनी स्थिति को समझने का प्रयास किया। साथ ही, उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने और मतदाताओं के बीच पहुंच बनाने की अपील की।
दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी सुभाशीष ओम भी अपने स्तर पर चुनावी तैयारी में जुट गए हैं। पार्टी संगठन के साथ तालमेल बैठाकर वे क्षेत्र में जनसंपर्क और प्रचार अभियान को गति देने में लगे हैं। डेबरा सीट पर दोनों प्रमुख दलों के बीच सीधा मुकाबला होने की संभावना से राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
राजीव बनर्जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि डेबरा की जिम्मेदारी भले ही अंतिम समय में मिली हो, लेकिन वे इसे एक चुनौती के रूप में लेकर पूरी ताकत से मैदान में उतरेंगे। उन्होंने संगठन में गुटबाजी को दूर कर सामूहिक प्रयास के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।
विशेषज्ञों के अनुसार, डेबरा में सत्ताधारी दल और विपक्ष के बीच सीधा मुकाबला इस सीट को और महत्वपूर्ण बना रहा है। दोनों प्रत्याशियों की रणनीति, जनसंपर्क और संगठनात्मक पकड़ ही चुनावी नतीजों को तय करने में अहम भूमिका निभाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

