राजगंज विधानसभा में टिकट विवाद के बीच तृणमूल का शक्ति प्रदर्शन
जलपाईगुड़ी, 18 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिम बंगाल के राजगंज में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। चार बार के विधायक खगेश्वर राय को टिकट नहीं मिलने के बाद सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
इस बारे में पार्टी नेता और जलपाईगुड़ी सदर सीट के उम्मीदवार कृष्ण दास ने कहा कि राजगंज विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल भारी मतों से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिसे पार्टी ने टिकट नहीं दिया, वह अपने ही बूथ पर हार चुका है।
वहीं, राजगंज सीट से पार्टी उम्मीदवार स्वपना बर्मन के समर्थन में एक विशाल बाइक रैली निकाली गई। रैली से पहले कृष्ण दास के आवास पर उनका स्वागत किया गया, जिसके बाद वहां से रैली की शुरुआत हुई।
यह बाइक रैली राजगंज के विभिन्न इलाकों से गुजरी, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और उन्होंने आगामी चुनाव में बड़ी जीत का भरोसा जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

