राजगंज की पानिकौरी ग्राम पंचायत पर भाजपा का कब्जा
जलपाईगुड़ी, 09 सितंबर (हि.स.)। राजगंज की पानिकौरी ग्राम पंचायत में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। बुधवार को बीडीओ कार्यालय के अधिकारियों की मौजूदगी में नए बोर्ड का गठन किया गया, जिसमें प्रधान पद पर भाजपा की मनखुशी चौधरी और उपप्रधान पद पर थाबाउ राय ने जिम्मेदारी संभाली।
2023 के पंचायत चुनाव में पानिकौरी ग्राम पंचायत की कुल 22 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने दस सीटों पर जीत दर्ज की थी। बुधवार को नए बोर्ड के गठन के दौरान कुल 18 सदस्य उपस्थित रहे। बताया गया है कि राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद पिछले महीने तत्कालीन ग्राम पंचायत प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद नए सिरे से बोर्ड गठन की प्रक्रिया शुरू हुई, जो बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई।
प्रधान और उपप्रधान दोनों पद भाजपा के खाते में जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। नए प्रधान और उपप्रधान को साथ लेकर भाजपा समर्थकों ने बैंड-बाजे के साथ विजय जुलूस निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को भगवा अबीर लगाया और जमकर नारेबाजी की।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

