राजगंज को मिला नया बीडीओ, छह महीने बाद खत्म हुआ इंतजार
जलपाईगुड़ी, 04 जुलाई (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राजगंज ब्लॉक को नया बीडीओ मिल गया है। राज्य सरकार के कार्मिक एवं प्रशासनिक विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में इस नियुक्ति की जानकारी दी गई। 2023 बैच के डब्ल्यूबीसीएस (एग्जीक्यूटिव) अधिकारी शुभंकर दास को राजगंज ब्लॉक का नया ब्लॉक विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इससे पहले शुभंकर दास मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज ब्लॉक दो में बीडीओ के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि राजगंज ब्लॉक का बीडीओ पद पिछले करीब छह महीने से खाली था, जिससे प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था।
जनवरी में तत्कालीन बीडीओ प्रशांत बर्मन के खिलाफ कई गंभीर आरोप सामने आए थे। स्वर्ण व्यवसायी हत्याकांड में उनका नाम जुड़ने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई थी। इसके बाद भ्रष्टाचार और विवादों के चलते उन्हें पद से हटा दिया गया था।
तब से जॉइंट बीडीओ सौरभ कांति मंडल अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। हालांकि लंबे समय तक अतिरिक्त जिम्मेदारी के कारण सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक कार्यों की गति धीमी पड़ने की शिकायतें स्थानीय स्तर पर उठ रहे थे। अब नए बीडीओ के रूप में शुभंकर दास की नियुक्ति से लोगों में नई उम्मीद जगी है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस नियुक्ति के साथ ही राजगंज ब्लॉक की प्रशासनिक सुस्ती खत्म होगी और विकास योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

