सिलीगुड़ी में राजवंशी-कामतापुरी समाज का प्रदर्शन
सिलीगुड़ी, 25 अगस्त (हि. स.)। सोशल मीडिया पर राजवंशी-कामतापुरी समुदाय की महिलाओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और ऐतिहासिक कूचबिहार के राजा-महाराजाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में वृहत्तर राजवंशी-कामतापुरी समाज ने मंगलवार को सिलीगुड़ी में विरोध प्रदर्शन किया।
आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर संगठन की ओर से विरोध मार्च निकाला गया। मार्च सूर्य सेन पार्क से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए एसडीओ कार्यालय पहुंचा। वहां संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीओ को ज्ञापन सौंपा।
संगठन का कहना है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां केवल एक समुदाय की भावनाओं को आहत नहीं करतीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती हैं। संगठन ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के अनुसार, इसी मांग को लेकर सिलीगुड़ी के अलावा पूरे उत्तर बंगाल में भी अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

