home page

राजारहाट विस्फोट मामले में एक हिरासत में, मुख्य आरोपित अब भी फरार

 | 
राजारहाट विस्फोट मामले में एक हिरासत में, मुख्य आरोपित अब भी फरार


कोलकाता, 18 जुलाई (हि. स.)। कोलकाता के उत्तरी बाहरी क्षेत्र राजारहाट स्थित एक मकान में हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने शनिवार को एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपित उत्तर 24 परगना जिले के कामरहाटी क्षेत्र का निवासी मोहम्मद शमीम उर्फ सलीम है, जो फिलहाल फरार है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात राजारहाट के दक्षिण नारायणपुर क्षेत्र स्थित एक मकान में विस्फोट हुआ, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दो व्यक्तियों ने उक्त मकान में एक कमरा किराये पर लिया था। शुक्रवार रात उनमें से एक व्यक्ति एक सफेद बैग लेकर कमरे में आया था। बैग रखने और कमरे से बाहर निकलने के कुछ मिनट बाद ही विस्फोट हो गया। विस्फोट की पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

शनिवार को पुलिस ने इस घटना के संबंध में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू की। पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) तथा बम निरोधक दस्ता के अधिकारी भी शनिवार को घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावित भवन को सुरक्षित बनाने की प्रक्रिया शुरू की। सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम भी घटनास्थल का दौरा कर सकती है।

पुलिस का कहना है कि घटना विस्फोट बम फटने के कारण हुआ। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में बम में प्रयुक्त सामग्री और तार बिखरे हुए पाए गए। इस बात की भी जांच की जा रही है कि बम पहले से मकान में रखा गया था या उसे बाहर से लाया गया था।

मकान के अन्य किरायेदारों का दावा है कि बम संभवतः उसी सफेद बैग में लाया गया था। घटना के बाद से वे भय और दहशत में हैं।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लगभग दो से तीन दिन पहले दो व्यक्तियों ने एक दलाल के माध्यम से यह कमरा किराये पर लिया था। उन्होंने मकान मालिक को बताया था कि वे केवल रात में आएंगे तथा दिन के समय काम के कारण बाहर रहेंगे। मकान में अन्य किरायेदार भी रहते हैं।

शुक्रवार रात अन्य किरायेदारों ने एक व्यक्ति को सफेद बैग लेकर मकान में प्रवेश करते देखा। उसने बैग कमरे में रखा और कुछ देर बाद बाहर निकल गया। लगभग दस मिनट बाद जोरदार विस्फोट से पूरा मकान हिल उठा। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान की दीवारें और दरवाजे क्षतिग्रस्त हो गए तथा दो कमरे व्यापक रूप से प्रभावित हुए। जिस कमरे में विस्फोट हुआ, उसके बगल वाले कमरे में मौजूद एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता