राजारहाट विस्फोट मामले में जांच तेज, विस्फोटक बरामद
कोलकाता, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर 24 परगना के राजारहाट स्थित दक्षिण नारायणपुर में हुए विस्फोट मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को घटनास्थल पर राज्य सीआईडी, राज्य पुलिस की विशेष कार्यबल (एसटीएफ) तथा बम निरोधक दस्ता पहुंचा और इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संबंधित घर से कुछ विस्फोटक सामग्री और बम बरामद किए गए हैं। बरामद सामग्री की जांच की जा रही है। घटना के समय के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं तथा इस मामले में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास जारी है।
पुलिस उपायुक्त ज्योतिर्मय राय ने बताया कि दो बम बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह जांच की जाएगी कि बम सक्रिय अवस्था में थे या निष्क्रिय हो चुके थे।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात दक्षिण नारायणपुर के सुपारीबागान क्षेत्र स्थित एक मकान में जोरदार विस्फोट हुआ था। विस्फोट के कारण मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में दहशत फैल गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, जिस मकान में विस्फोट हुआ, वहां कुछ दिन पूर्व दो युवकों ने किराये पर कमरा लिया था। मकान की निवासी साहिदा बेगम ने बताया कि शुक्रवार रात दो नाबालिग एक बैग लेकर आए और उसे कमरे में रखकर चले गए। कुछ देर बाद ही विस्फोट हो गया।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शनिवार सुबह सीआईडी, एसटीएफ और बम निरोधक दस्ता ने मकान में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कुछ विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
घनी आबादी वाले क्षेत्र में हुई इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की है। क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि इस घटना में जनहानि होती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

