राजा राममोहन राय की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दी श्रद्धांजलि
कोलकाता, 27 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार सुबह सात बजे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर समाज सुधारक राजा राममोहन राय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने राजा राममोहन राय को उन्नीसवीं शताब्दी में बंगाल और भारत के नवजागरण का अग्रदूत बताया।
राजा राममोहन राय का जन्म 22 मई 1772 को हुआ था। उनका निधन 27 सितंबर 1833 को हुआ था। भारतीय समाज में सुधार और धार्मिक जागरण के क्षेत्र में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने ब्रह्म समाज की स्थापना की और शिक्षा, पत्रकारिता तथा सामाजिक सुधार के माध्यम से समाज में नई चेतना जगाने का प्रयास किया।
राजा राममोहन राय ने सामाजिक सुधार के साथ पत्रकारिता को भी जनजागरण का माध्यम बनाया। उन्होंने संवाद कौमुदी और मिरात-उल-अखबार जैसे पत्रों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों और अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाई। बहुभाषी पत्रकारिता के माध्यम से उन्होंने विचारों के प्रसार को व्यापक बनाया और समाज में शिक्षा, तर्क तथा सुधार की चेतना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

