लगातार बारिश से जलमग्न आरामबाग, सड़कों पर घुटने तक पानी
हुगली, 01 सितंबर (हि. स.)। मंगलवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण हुगली के आरामबाग शहर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर के कई वार्डों में जलजमाव की स्थिति पैदा हो गई है और सड़कों पर करीब घुटने तक पानी जमा है। कहीं सड़क का पानी दुकानों में घुस गया है तो कहीं लोगों के घरों तक पानी पहुंच गया है। स्थानीय लोगों ने शहर की बदहाल जल निकासी व्यवस्था को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।
आरामबाग के चार, पांच, छह, 13, 14 और 19 नंबर वार्डों में जलजमाव की स्थिति सबसे अधिक खराब बताई जा रही है। दोपहर के बाद भी बारिश जारी रहने के कारण लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि अगर अगले कुछ घंटों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो शहर की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
लगातार बारिश का असर आरामबाग महकमा अदालत परिसर पर भी पड़ा है। अदालत के विस्तृत हिस्से में घुटने तक पानी जमा हो गया है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अधिवक्ताओं के चैंबर, मुंशीखाना और अदालत की ओर जाने वाले रास्ते जलमग्न हो गए हैं।
अदालत आने वाले लोगों को मजबूरी में जूते हाथ में लेकर और पैंट मोड़कर पानी पार करते हुए अंदर जाना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी दूर-दराज से आने वाले बुजुर्ग और महिला न्यायप्रार्थियों को हो रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि थोड़ी सी बारिश होते ही आरामबाग शहर और अदालत परिसर में पानी जमा हो जाता है। वर्षों से इस समस्या की शिकायत की जा रही है, लेकिन स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।
लोगों का कहना है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकाल में भी बार-बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। राज्य में सरकार बदलने के बाद नगरपालिका बोर्ड भंग कर प्रशासक नियुक्त किया गया है और करीब दो महीने से नगरपालिका प्रशासक के अधीन चल रही है, लेकिन जल निकासी की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय लोगों और आरामबाग बार के अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि लंबे समय से नालों की उचित मरम्मत और सफाई नहीं हुई है। अधिवक्ताओं ने तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करने के साथ-साथ स्थायी ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

