भीषण गर्मी के बीच पश्चिम बंगाल में बारिश की संभावना
कोलकाता, 15 अप्रैल (हि.स.)। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और तेज लू की वजह से पूरे पश्चिम बंगाल में लोग परेशान हैं। घर से बाहर निकलते ही लोगों का हाल गर्मी से बेहाल हो रहा है। हालांकि बंगाली नववर्ष के मौके पर मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। बैसाख की शुरुआत के साथ ही राज्य में बारिश के आसार जताए गए हैं। आज बुधवार को पश्चिमी जिलों में बारिश हो सकती है, जबकि गुरुवार को दक्षिण बंगाल के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और गंगा के मैदान वाले पश्चिम बंगाल के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण (घूर्णावर्त) बना हुआ है। इसके अलावा असम से लेकर तमिलनाडु तक उत्तर-दक्षिण अक्षरेखा फैली हुई है, जो इसी सिस्टम के ऊपर से गुजर रही है। इसके प्रभाव से बुधवार से ही राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना है।
बुधवार और गुरुवार को पुरुलिया, बांकुड़ा, पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पूर्व बर्दवान, पश्चिम बर्दवान और बीरभूम जिलों में बारिश के आसार हैं। वहीं शुक्रवार को नदिया, मुर्शिदाबाद और बीरभूम में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
हालांकि बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। उल्टे एक से दो डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ सकता है, जिससे उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। कोलकाता का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि पश्चिमी जिलों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में मालदा, उत्तर दिनाजपुर और दक्षिण दिनाजपुर में भी आंधी और बारिश की संभावना है। उत्तर बंगाल के जिलों में आज बारिश की संभावना अधिक है। खासकर दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार और कूचबिहार में बारिश के आसार हैं।
हालांकि गुरुवार से उत्तर बंगाल में बारिश की संभावना कुछ कम हो जाएगी और तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। फिर भी पहाड़ी इलाकों—दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ती रह सकती हैं। वहीं उत्तर बंगाल के मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

