home page

बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी

 | 
बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी


कोलकाता, 01 मई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार से अगले सप्ताह तक बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अलीपुर मौसम कार्यालय ने बताया है कि उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में गरज के साथ बारिश और तेज हवा चल सकती है।

कोलकाता सहित दक्षिण बंगाल के कई जिलों में पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है। शुक्रवार को कोलकाता, हावड़ा और हुगली में आसमान बादलों से ढका रह सकता है। इस दौरान गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है। शनिवार को मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन रविवार से फिर बारिश बढ़ने का अनुमान है।

अगले सप्ताह बुधवार और गुरुवार को बारिश और तेज हो सकती है। इसके कारण दिन का तापमान दो से तीन डिग्री तक कम हो सकता है। उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व मेदिनीपुर जिलों में शुक्रवार से रविवार के बीच भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, बाँकुड़ा, पुरुलिया और झाड़ग्राम जैसे पश्चिमी जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।

उत्तर बंगाल के जिलों के लिए भी भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। दार्जिलिंग और कालिम्पोंग में शुक्रवार से रविवार तक लगातार बारिश हो सकती है। जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में ज्यादा सावधानी बरतने को कहा गया है। जलपाईगुड़ी में शुक्रवार को ज्यादा बारिश हो सकती है, जबकि अलीपुरद्वार और कूचबिहार में शुक्रवार से रविवार तक बहुत भारी बारिश का अनुमान है।

मालदा तथा उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता