भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे का बड़ा फैसला, कई ट्रेनों में अस्थायी कोच
खड़गपुर, 21 मई (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल ने आगामी दिनों में विभिन्न ट्रेनों में संभावित भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा निर्णय लिया है।
रेल प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, पांच जोड़ी प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। इस कदम से शालीमार, हावड़ा और संतरागाछी से यात्रा करने वाले यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ जाएगी।
रेलवे द्वारा जारी सूचना के मुताबिक, विभिन्न रूटों पर चलने वाली प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बों की व्यवस्था की गई है।
हावड़ा–पुरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12837) में एक स्लीपर क्लास कोच जोड़ा जाएगा। यह सुविधा 23 मई से 29 मई 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
शालीमार–एलटीटी कुर्ला एक्सप्रेस (18030) में एक एसी तीन-टियर और एक स्लीपर क्लास कोच अस्थायी रूप से बढ़ाया गया है। यह व्यवस्था भी 23 मई से 29 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी।
शालीमार–चर्लापल्ली ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18045) में एक एसी तीन-टियर कोच 23 मई से 29 मई 2026 तक जोड़ा जाएगा।
शालीमार–पुरी एक्सप्रेस (18039) में 24 मई 2026 के एक फेरे के लिए एक एसी तीन-टियर कोच अतिरिक्त रूप से लगाया जाएगा।
संतरागाछी–येलाहंका वीकली एसी एक्सप्रेस (18063) में 28 मई 2026 के लिए एक एसी तीन-टियर कोच उपलब्ध कराया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गर्मी और अवकाश के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है, जिससे वेटिंग लिस्ट में शामिल यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

