home page

रेलवे टिकट दलाली के आरोप में एक गिरफ्तार, 54 हजार के टिकट बरामद

 | 
रेलवे टिकट दलाली के आरोप में एक गिरफ्तार, 54 हजार के टिकट बरामद


कोलकाता, 12 सितंबर (हि. स.)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के शालीमार पोस्ट और अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी) शालीमार की संयुक्त टीम ने रेलवे आरक्षण टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 54 हजार रुपये से अधिक मूल्य के रेलवे आरक्षण टिकटों से संबंधित जानकारी और तस्वीरें बरामद की गई हैं।

शनिवार शाम रेलवे द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति अनुसार, विश्वसनीय सूचना के आधार पर शालीमार पोस्ट और सीआईबी शालीमार की संयुक्त टीम ने 11 सितंबर को शालीमार रेलवे स्टेशन के कम्प्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटर पर निगरानी अभियान चलाया। यह अभियान सुबह करीब 10:45 बजे शुरू किया गया था।

करीब 11:05 बजे टीम ने आरक्षण काउंटर की खिड़की संख्या पांच से बाहर निकल रहे एक व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध पाई। उसे रोककर पूछताछ की गई। उसकी पहचान 34 वर्षीय जोगिंदर साव के रूप में हुई। वह शालीमार, थाना बी. गार्डन, हावड़ा का निवासी है।

तलाशी के दौरान उसके पास से ट्रेन संख्या 22830 की शालीमार से अहमदाबाद जाने वाली एक तत्काल आरक्षण टिकट बरामद हुई। टिकट पर यात्रा की तारीख 12 सितंबर (शनिवार) की थी और उसका मूल्य एक हजार 65 रुपये था। वह टिकट अपने पास रखने के संबंध में कोई वैध प्राधिकरण या संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर व्यक्तिगत आर्थिक लाभ के लिए यात्रियों को रेलवे आरक्षण टिकट खरीदकर बेचने की बात स्वीकार की। उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर सात रेलवे टिकटों से संबंधित जानकारी और तस्वीरें मिलीं। इनमें चार वर्तमान और तीन पुराने टिकट शामिल थे, जिनकी कुल कीमत करीब 54 हजार 221 रुपये बताई गई है।

सीआईबी टीम ने बरामद टिकट और अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर ली। इसके बाद आरोपित को रेलवे अधिनियम की धारा 179(दो) के तहत गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 143 के तहत शालीमार आरपीएफ पोस्ट में 11 सितंबर को मामला संख्या 1008/2026 दर्ज किया गया।

मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार व्यक्ति को जब्त सामग्री और संबंधित दस्तावेजों के साथ सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता