ट्रेन में छूटा यात्रियों का सामान टिकट निरीक्षक ने किया बरामद
खड़गपुर, 23 नवंबर (हि. स.)। ट्रेन में ड्यूटी के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ ने सतर्कता और ईमानदारी का परिचय देते हुए दो यात्रियों का छूटा हुआ कीमती सामान बरामद किया। मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई/हावड़ा) सौमेन दास ने ट्रेन संख्या 12261 में यह सामान बरामद किया।
सोमवार शाम रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पहली घटना में बी-12 कोच में यात्रा कर रहे सौरव शर्मा (32) रायपुर स्टेशन पर उतर गए थे। इस दौरान वह अपना लैपटॉप बैग, लैपटॉप, चार्जर और 10 हजार रुपये नकद ट्रेन में ही भूल गए थे। ड्यूटी पर तैनात सौमेन दास ने सामान को बरामद कर सुरक्षित रख लिया।
इसी ट्रेन के बी-सात कोच में यात्रा कर रहे अरुण कुमार झा (59) भी रायपुर स्टेशन पर उतरते समय अपना मोबाइल फोन बर्थ पर भूल गए थे। टिकट निरीक्षक ने उनका मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।
दोनों यात्रियों का बरामद सामान आगे की आवश्यक कार्रवाई और उन्हें सुरक्षित लौटाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), बिलासपुर को सौंप दिया गया। इसकी सूचना वाणिज्य नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर को भी दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

