खड़गपुर रेल मंडल के रेल कर्मियों के लिए अग्निशमन प्रशिक्षण शिविर आयोजित
खड़गपुर, 24 अगस्त (हि. स.)। दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल द्वारा खड़गपुर स्थित आरपीएफ जोनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में अग्रिम पंक्ति के रेल कर्मियों के लिए अग्निशमन एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल कर्मियों की अग्नि सुरक्षा तैयारियों और आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं को बढ़ाना है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम मैदानी क्षेत्र में कार्यरत वाणिज्यिक कर्मचारियों, मंडल कार्यालय में कार्यरत रेल कर्मचारियों, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों तथा सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड खड़गपुर के सदस्यों के लिए आयोजित किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल अग्निशमन सेवा, पश्चिम मेदिनीपुर के विभागीय अग्निशमन अधिकारी के विशेषज्ञ संकाय के समन्वय से प्रशिक्षण का संचालन किया जा रहा है।
साप्ताहिक प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 अगस्त 2026 से 12 अक्टूबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को आयोजित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य प्रतिभागियों को आग की रोकथाम, अग्निशमन तकनीकों और आग से जुड़ी आपात स्थितियों के दौरान त्वरित कार्रवाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है।
सत्रों के दौरान प्रतिभागियों को संभावित अग्नि जोखिमों की पहचान, बुनियादी अग्नि सुरक्षा सावधानियों, अग्निशामक यंत्रों के चयन व सुरक्षित संचालन, आग की घटनाओं पर शुरुआती कार्रवाई, सुरक्षित निकासी प्रक्रियाओं तथा अन्य आवश्यक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। व्यावहारिक प्रदर्शन से अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को आपात स्थिति में प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में मदद मिलेगी।
यह कार्यक्रम खड़गपुर मंडल द्वारा कर्मियों की क्षमता निर्माण और रेलवे परिसर में सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। व्यावहारिक अग्निशमन कौशलों से लैस करके यात्रियों, रेल कर्मियों और रेलवे संपत्ति की समग्र सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

