सिलीगुड़ी में रेलवे फाटक बंद करने पर विवाद, अशोक भट्टाचार्य ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
सिलीगुड़ी, 09 अक्टूबर (हि.स)। सिलीगुड़ी के 24 नंबर वार्ड में फुलेश्वरी के पास रेलवे फाटक बंद किए जाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। शुक्रवार को सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व मेयर, विधायक एवं मंत्री अशोक भट्टाचार्य ने रेलवे पर नियमों का पालन किए बिना देर रात फाटक बंद करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने इस मामले में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक, कटिहार मंडल के डीआरएम और जिलाधिकारी को पत्र लिखने की बात कही।
अशोक भट्टाचार्य के मुताबिक, रेलवे फाटक बंद करने से पहले सार्वजनिक सूचना जारी करना, लोगों को नोटिस देना, 30 दिनों का समय देना और आम जनता की आपत्तियां सुनना जरूरी है। इसके अलावा राज्य सरकार, जिलाधिकारी और नगर निगम की राय लेने की प्रक्रिया भी अपनाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि फाटक बंद करने से पहले वैकल्पिक सड़क, सबवे, अंडरपास या फ्लाईओवर की व्यवस्था पूरी होनी चाहिए।
उन्होंने आशंका जताई कि दुर्गापूजा के दौरान फाटक बंद रहने से यातायात और आम लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। अशोक भट्टाचार्य ने बैरिकेड हटाकर रेलवे फाटक को तत्काल फिर से खोलने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

