‘रेलवन’ ऐप अभियान शुरु, टिकटिंग से ट्रेन ट्रैकिंग तक मिलेगी एक ही प्लेटफॉर्म पर सुविधा
कोलकाता, 06 मार्च (हि.स.)। यात्री सेवाओं को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने ‘रेलवन’ मोबाइल ऐप अभियान की शुरुआत की है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को टिकट बुकिंग, ट्रेन की रियल-टाइम स्थिति और अन्य कई सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी।
अभियान के शुभारंभ के अवसर पर सियालदह के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने यात्रियों से संवाद करते हुए बताया कि यह एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म आरक्षित, अनारक्षित और प्लेटफॉर्म टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान करता है। इसके साथ ही यात्री ट्रेन की रियल-टाइम स्थिति और कोच की सटीक स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि यह “वन-स्टॉप सॉल्यूशन” ऐप रेलवे यात्रा से जुड़ी कई पारंपरिक समस्याओं को दूर करने का प्रयास है। इसके माध्यम से स्टेशन पर लंबी कतारों में लगने या प्लेटफॉर्म और कोच खोजने जैसी परेशानियों से यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेल प्रशासन की ओर से अधिक से अधिक यात्रियों को इस ऐप के बारे में जागरूक करने के लिए सियालदह, दमदम जंक्शन, सोदपुर, बैरकपुर, नैहाटी और कांचरापाड़ा जैसे प्रमुख स्टेशनों पर विशेष जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं।
यात्रा संबंधी जानकारी के अलावा ‘रेलवन’ ऐप चलती ट्रेन में भोजन डिलीवरी की सुविधा भी प्रदान करता है। साथ ही यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए इसमें एक समर्पित पोर्टल भी उपलब्ध कराया गया है।
रेलवे के अनुसार यह “ऑल-इन-वन” डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘डिजिटल इंडिया’ की परिकल्पना को आगे बढ़ाने के साथ-साथ यात्रियों को सहज, पारदर्शी और आधुनिक यात्रा अनुभव देने की दिशा में सियालदह मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

