home page

दक्षिण पूर्व रेल के विभिन्न स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' आयोजित

 | 
दक्षिण पूर्व रेल के विभिन्न स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' आयोजित


दक्षिण पूर्व रेल के विभिन्न स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' आयोजित


दक्षिण पूर्व रेल के विभिन्न स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' आयोजित


दक्षिण पूर्व रेल के विभिन्न स्टेशनों पर 'रेल जन संवाद' आयोजित


खड़गपुर, 23 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने विशेष अभियान 6.0 के तहत 22 अक्टूबर को देशभर के सात हजार से अधिक रेलवे स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद’ और स्वच्छता अभियान आयोजित किया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं और सुझावों को जानना तथा रेलवे परिसरों में स्वच्छता को बढ़ावा देना है।

दक्षिण पूर्व रेलवे (एसईआर) के अंतर्गत आने वाले सभी 367 रेलवे स्टेशनों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। खड़गपुर मंडल ने भी अपने अधीन सभी स्टेशनों पर रेल जन संवाद का आयोजन सुनिश्चित किया।

गुरुवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने शालीमार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से संवाद कर उनके सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने स्टेशन पर आयोजित श्रमदान अभियान में भी हिस्सा लिया। वहीं, दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक मनीष कुमार जैन ने संतरागाछी रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम की अगुवाई करते हुए यात्रियों के साथ संवाद किया।

खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे ने खड़गपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से बातचीत की। इस दौरान यात्री सुविधाओं, सेवा की गुणवत्ता और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। डीआरएम ने स्टेशन के सफाई कर्मचारियों से भी बातचीत की और स्टेशन को स्वच्छ बनाए रखने में उनके योगदान की सराहना करते हुए स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

खड़गपुर मंडल के अन्य स्टेशनों पर शाखा अधिकारियों, स्टेशन मास्टरों, स्टेशन प्रबंधकों और रेलवे पर्यवेक्षकों ने कार्यक्रमों में भाग लिया। यात्रियों को रेलवे सेवाओं, सुविधाओं और स्वच्छता से संबंधित अपने सुझाव एवं शिकायतें साझा करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। रेलवे प्रशासन ने प्राप्त सुझावों और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आश्वासन दिया है।

गुरुवार रात रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस राष्ट्रव्यापी पहल के माध्यम से यात्रियों के साथ रेलवे प्रशासन का सीधा संवाद मजबूत करने और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता