ब्रेक फेल होकर नदी किनारे स्नान कर रही महिलाओं पर जा गिरा टोटो, एक महिला की मौत
मुर्शिदाबाद , 21 नवंबर (हि.स.)।
रघुनाथगंज के भागीरथी नदी स्थित सदर घाट पर शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में टोटो की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी। मृतका की पहचान जबा रानी साहा के रूप में हुई है। वह रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के भागीरथी पल्ली की निवासी थीं।
यात्रियों को उतारने के बाद घाट के पास खड़ा किया जा रहा टोटो अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर नदी किनारे स्नान कर रही महिलाओं पर जा गिरा। हादसे में जबा रानी साहा गंभीर रूप से घायल हो गयीं। उन्हें तत्काल जंगीपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय निवासी गुलाबी हलदार के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे एक टोटो यात्रियों को लेकर रघुनाथगंज सदर घाट पहुंचा था। यात्रियों को उतारने के बाद चालक टोटो को घाट के समीप खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक टोटो का ब्रेक फेल हो गया। ब्रेक फेल होने के कारण टोटो नियंत्रण से बाहर होकर लुढ़कते हुए नदी किनारे स्नान कर रही महिलाओं की ओर चला गया और उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में जबा रानी साहा गंभीर रूप से घायल हो गयीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर फैलते ही रघुनाथगंज सदर घाट पर लोगों की भीड़ जुट गयी। मृतका के परिवार में शोक का माहौल है। मृतका के पति सुकुमार साहा ने भी घटना को लेकर अपनी बात रखी।
नदी में जा गिरे टोटो को बाहर निकालने के लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्था की जा रही है। सुबह-सुबह घाट पर हुई इस दर्दनाक दुर्घटना से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

