home page

रायगंज मुठभेड़ के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी, पुलिस को खुली छूट

 | 
रायगंज मुठभेड़ के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की चेतावनी, पुलिस को खुली छूट


कोलकाता, 09 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने महिलाओं के खिलाफ अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध घुसपैठ के मामलों में कठोर कार्रवाई करने की बात कही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों में पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति लेने की भी आवश्यकता नहीं होगी। मुख्यमंत्री ने सोमवार को पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में श्यामाप्रसाद मुखर्जी व्यवसायी समिति की कालीपूजा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बयान दिया।

मुख्यमंत्री का यह बयान उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म और हत्या के आरोपित की पुलिस मुठभेड़ में मौत के कुछ घंटे बाद आया। हालांकि, अपने संबोधन में उन्होंने रायगंज की घटना का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं किया।

जानकारी के अनुसार, पिछले मंगलवार को रायगंज में 12 वर्षीय एक बच्ची लापता हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, बच्ची शाम के समय साइकिल लेकर घूमने निकली थी, लेकिन इसके बाद घर वापस नहीं लौटी। दो दिन बाद कुलिक के जंगल से उसका सड़ा-गला शव बरामद किया गया। इसके बाद परिवार की ओर से बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपित की तलाश तेज कर दी थी।

इसी बीच सोमवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि मामले का आरोपित दिलीप राय रायगंज के गौरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने वहां अभियान चलाया। आरोप है कि पुलिस को देखते ही दिलीप राय ने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस मुठभेड़ के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पुलिस सभी आरोपितों पर गोली नहीं चलाती। जब कोई पुलिस पर हमला करता है, तब आत्मरक्षा में पुलिस भी जवाबी कार्रवाई करती है।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी, दुष्कर्म और हत्या तथा बांग्लादेशी घुसपैठ के मामलों में सरकार ने शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई है। इन तीनों मामलों में पुलिस को खुली छूट दी गई है और इसके लिए वरिष्ठ अधिकारियों की अनुमति लेने की भी जरूरत नहीं होगी।

इसके बाद पूजा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों, दुष्कर्म के आरोपितों और घुसपैठियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए राज्य में कोई जगह नहीं है। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस को परिस्थितियों और आवश्यकता के अनुसार कार्रवाई करने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है और उसी के अनुरूप कार्रवाई हो रही है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में वामपंथी संगठनों और अन्य राजनीतिक समूहों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कम्युनिस्टों, नक्सलियों, आतंकवादियों और जमात से जुड़े लोगों का उल्लेख करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की बात कही। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अब भी व्यवधान पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे तत्वों से राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों को सावधान रहना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता