हल्दी पाउडर बनाने वाली इकाई पर छापा, एफएसएसएआई लाइसेंस आठ महीने से समाप्त; नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
हुगली, 29 अगस्त (हि.स.)। एसीबी कोलकाता से मिली सूचना के आधार पर चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) ने हुगली जिले के श्रीरामपुर मल्लिकपाड़ा के उत्तर शिमला इलाके में हल्दी पाउडर बनाने वाली एक छोटी इकाई पर शनिवार को छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान जांच में सामने आया कि इकाई का एफएसएसएआई लाइसेंस करीब आठ महीने पहले ही समाप्त हो चुका था, इसके बावजूद वहां खाद्य उत्पाद से संबंधित गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने वहां तैयार किए जा रहे हल्दी पाउडर के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कर यह पता लगाया जाएगा कि हल्दी पाउडर में किसी प्रकार के कृत्रिम रंग या अन्य मिलावट का इस्तेमाल तो नहीं किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक वैध लाइसेंस के बिना इकाई का संचालन गंभीर मामला है। मामले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी और स्थानीय पुलिस की ओर से कानूनी कार्रवाई शुरू की जा रही है।
अधिकारियों की जांच अब इस बात पर भी केंद्रित है कि समाप्त हो चुके लाइसेंस के बावजूद इकाई कितने समय से संचालित हो रही थी और तैयार हल्दी पाउडर की गुणवत्ता निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप थी या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

