home page

उत्तर बंगाल के प्रसिद्ध रास मेले को लेकर उत्साह, पांच दिनों तक सजेगा मालीभिटा का मेला

 | 
उत्तर बंगाल के प्रसिद्ध रास मेले को लेकर उत्साह, पांच दिनों तक सजेगा मालीभिटा का मेला


जलपाईगुड़ी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर बंगाल के राजगंज ब्लॉक स्थित बेलाकोबा के शिकारपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत मालीभिटा के ऐतिहासिक रासमेले की तैयारियां शुक्रवार को पारंपरिक 'खूंटी पूजा' के साथ शुरू हो गई है। इस वर्ष यह ऐतिहासिक मेला अपने 41वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष मोनिका रॉय ने खूंटी पूजा कर मेले की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ किया।

मेला कमेटी के अनुसार, आगामी 24 नवंबर को पारंपरिक रासपूजा का आयोजन होगा, जबकि तीन दिसंबर की शाम सात बजे मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। यह मेला सात दिसंबर तक चलेगा।

मेले के दौरान हर शाम विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। तीन दिसंबर को स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुति के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होगी। इसके बाद चार, पांच और छह दिसंबर को राजबंशी समुदाय के पारंपरिक लोकगीत 'पालाटिया गान' का आयोजन होगा, जो इस बार मेले का मुख्य आकर्षण रहेगा। मेले के अंतिम दिन यानी सात दिसंबर को भव्य म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जाएगा।

कमेटी के सचिव बप्पा रॉय ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी मेले में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, झूले (नागरदोला), हस्तशिल्प व घरेलू सामानों की दुकानें और तरह-तरह की मिठाइयों के स्टॉल लगेंगे। उत्तर बंगाल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक इस मेले में पहुंचते हैं।

आयोजकों के मुताबिक, मेले में प्रतिदिन दस हजार से अधिक लोगों की भीड़ उमड़ती है। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ मेला कमेटी की ओर से 100 से अधिक स्वयंसेवकों (वॉलंटियर्स) की तैनाती की जाएगी।

इस अवसर पर राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष मोनिका रॉय ने कहा कि पहली बार इस ऐतिहासिक रासमेले में आकर खूंटीपूजा के माध्यम से तैयारियों की शुरुआत करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। खूंटी पूजा कार्यक्रम के दौरान मेला कमेटी के अध्यक्ष सुमन रॉय समेत कमेटी के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार