home page

खड़गपुर-जाजपुर एक्सप्रेस में मिले दो विशाल अजगर

 | 
खड़गपुर-जाजपुर एक्सप्रेस में मिले दो विशाल अजगर


पश्चिम मेदिनीपुर, 05 नवंबर (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के बेलदा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को खड़गपुर-जाजपुर एक्सप्रेस से दो विशाल अजगर बरामद होने के बाद स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने नियमित तलाशी अभियान के दौरान दोनों अजगरों को बरामद किया।

जानकारी के अनुसार, बेलदा स्टेशन पर रेलवे पुलिस की टीम खड़गपुर-जाजपुर एक्सप्रेस में नियमित तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर ट्रेन के अंदर रखी दो संदिग्ध टोकरियों पर पड़ी। संदेह होने पर जब टोकरियों की तलाशी ली गई तो उनके अंदर से दो बड़े अजगर बरामद हुए। अचानक टोकरियों से अजगर मिलने की घटना से पुलिसकर्मी भी सतर्क हो गए।

इसके बाद दोनों अजगरों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन से बाहर निकाला गया और वन विभाग को सौंप दिया गया। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि दोनों अजगरों को ट्रेन के अंदर किसने और किस उद्देश्य से रखा था। साथ ही उन्हें कहां ले जाया जा रहा था, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के अंदर से दो विशाल अजगर मिलने की घटना के बाद यात्रियों और स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल बन गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता