home page

पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस निर्माणाधीन परियोजना का किया निरीक्षण

 | 
पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस निर्माणाधीन परियोजना का किया निरीक्षण


कोलकाता, 12 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचई) मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने शुक्रवार को कोलकाता के कॉन्वेंट रोड स्थित निर्माणाधीन इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस परियोजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य विकास की विस्तृत समीक्षा की।

यह परियोजना लगभग 76 करोड़ की लागत से निर्मित की जा रही है, जिसके अंतर्गत 11 हजार 970 वर्गमीटर क्षेत्रफल में सात मंजिला आरसीसी फ्रेम संरचना, दो मंजिला विद्युत उपकेंद्र भवन, एक मंजिला कैंटीन भवन, तथा सीमावर्ती दीवार, आंतरिक सड़क, भूमिगत सीवर प्रणाली, केबल ट्रेंच, ईटीपी एवं अन्य सहायक अवसंरचनात्मक कार्य शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं ने मंत्री महोदय को परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं एवं आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। माननीय मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने, फायर सेफ्टी, पौधारोपण, जल संरक्षण तथा सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डॉ. पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य अवसंरचना के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। यह परियोजना पूर्ण होने के बाद प्रदेश के न्यूरोसाइंस चिकित्सा एवं अनुसंधान क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगी तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मौके पर राज्य मंत्री नदियां चंद बाउरी, विनय मजूमदार (मुख्य अभियंता), तापस मैती (मुख्य अभियंता), राजीव बिस्वास (अधीक्षण अभियंता), सुभाशीष बिस्वास (मुख्य अभियंता /विद्युत), पंकज गायेन (वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता /विद्युत), संदीपन सांत्रा (कार्यपालक अभियंता), अभिजीत चौधरी (सहायक अभियंता) आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा