home page

पीडब्ल्यूडी के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग की परियोजनाओं की समीक्षा

 | 
पीडब्ल्यूडी के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग की परियोजनाओं की समीक्षा


कोलकाता, 30 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में सड़क अवसंरचना विकास को गति देने के उद्देश्य से पीडब्ल्यूडी (सड़क) के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा मंगलवार को नवान्न स्थित पीडब्ल्यूडी सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में की गई। बैठक की अध्यक्षता विभागीय मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने की।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा राज्य में संचालित विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, वर्तमान स्थिति और उनके समयबद्ध क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की गई। निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता मानकों के साथ पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।

समीक्षा के दौरान विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) स्तर पर मौजूद प्रस्तावित नई ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर भी चर्चा हुई। इन परियोजनाओं के शीघ्र कार्यान्वयन तथा राज्य के सड़क नेटवर्क को और अधिक मजबूत बनाने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर विचार किया गया।

बैठक में विभाग के आगामी पांच वर्षों के विज़न और विकास रोडमैप की भी समीक्षा की गई। आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सड़क अवसंरचना के विकास, कनेक्टिविटी को मजबूत करने तथा राज्य में संतुलित क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई।

विभागीय मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए और प्रत्येक कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।

बैठक में विभागीय सचिव अंतरा आचार्य सहित पीडब्ल्यूडी (सड़क) के राष्ट्रीय राजमार्ग विंग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा