भारी बारिश के बीच श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों का मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने लिया जायजा
कोलकाता , 13 जुलाई (हि. स.)। श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने सोमवार को भारी बारिश के बीच हुगली जिले में विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों विभागों द्वारा चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बैद्यबाटी स्थित मुख्य मेला मैदान का दौरा किया, जहां लोक निर्माण विभाग की ओर से पांच अस्थायी टेंट स्थापित किए गए हैं। इनमें एक एकीकृत नियंत्रण कक्ष (इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम), एक मेडिकल कैंप, एक सांस्कृतिक केंद्र तथा पुरुष और महिला श्रद्धालुओं के लिए दो अलग-अलग सेवा शिविर बनाए गए हैं।
इन शिविरों में स्वच्छ पेयजल और शौचालय की समुचित व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा बैद्यबाटी से तारकेश्वर तक के मार्ग पर चार अतिरिक्त सेवा शिविर तैयार किए जा रहे हैं। यहां श्रद्धालुओं के बैठने, विश्राम करने और रात्रि विश्राम के लिए बिस्तरों की व्यवस्था की जा रही है। पूरे मार्ग पर 12 सेवा केंद्र भी बनाए जा रहे हैं, जहां चिकित्सा सुविधा, सहायता केंद्र और भंडारे की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए दूधपुकुर में लेज़र शो तथा पूरे मार्ग पर आकर्षक सजावटी रोशनी की व्यवस्था भी की जा रही है।
जनस्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचडी) की ओर से निमाई तीर्थ घाट से तारकेश्वर मंदिर तक करीब 42 किलोमीटर लंबे मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक हजार अस्थायी शौचालय और 145 पेयजल केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा पांच प्रमुख सेवा शिविरों में स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय, विश्राम स्थल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भारी बारिश के बावजूद लगातार कार्य कर रहे मजदूरों की मेहनत और समर्पण की मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी जनसेवा के लिए निरंतर कार्य करने वाले ये मजदूर ही विकास के असली योद्धा हैं। इस दौरान उन्होंने एक श्रमिक को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और सभी श्रमिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता (सोशल सेक्टर) गौतम साहा, मुख्य अभियंता (पश्चिम क्षेत्र) पार्थ नाथ, वरिष्ठ अधीक्षण अभियंता सौगत सरकार, अधीक्षण अभियंता राजा चटर्जी, कार्यपालक अभियंता सोमा खानसाहा सहित लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावणी मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं की लगातार निगरानी सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित मेला व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

