नवान्न में लोक निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न, विकास परियोजनाओं एवं मानसून तैयारियों पर विशेष जोर
कोलकाता, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की अध्यक्षता में गुरुवार को नवान्न स्थित लोक निर्माण विभाग के मुख्य सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में चालू वित्तीय वर्ष के बजट व्यय, विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति, नई परियोजनाओं की योजना एवं उनके समावेशन तथा विभाग के समग्र कार्य निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही सरकार के संकल्प पत्र में घोषित विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर विशेष बल दिया गया।
मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने विभाग में रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय कार्यों के निष्पादन में और अधिक गति एवं दक्षता लाई जा सके।
बैठक में आगामी मानसून के मद्देनज़र राज्य के विभिन्न पुलों एवं सड़कों के रखरखाव, त्वरित मरम्मत, आपदा प्रबंधन की तैयारियों तथा आम नागरिकों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने हेतु व्यापक कार्ययोजना पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा जनसुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
बैठक में विभागीय सचिव अंतरा आचार्य, मुख्य अभियंता विनय मजूमदार सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।
डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य संस्कृति के प्रति प्रतिबद्ध है तथा विभाग की प्रत्येक परियोजना को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए सभी अधिकारी एवं अभियंता समन्वित रूप से कार्य करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

