home page

पुरुलिया के चिड़ियाघर में बनेगा लायन सफारी, नए साल में आएंगे जोड़े में चीते

 | 
पुरुलिया के चिड़ियाघर में बनेगा लायन सफारी, नए साल में आएंगे जोड़े में चीते


पुरुलिया, 25 नवंबर (हि. स.)। पुरुलिया जिले के सुरुलिया मिनी जू में लंबे इंतजार के बाद अब चीते लाने की तैयारी पूरी होने जा रही है। इस सर्दी के मौसम में उत्तर बंगाल के अलीपुरद्वार जिले स्थित दक्षिण खैरबाड़ी रेस्क्यू सेंटर से एक नर और एक मादा चीता पुरुलिया के चिड़ियाघर में लाए जाएंगे। सुरुलिया मिनी जू को पूर्ण चिड़ियाघर के रूप में विकसित करने की योजना पर भी काम तेज हो गया है। यहां एशियाटिक लायन सफारी बनाई जाएगी, जो जंगलमहल में पहली होगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर बुधवार को वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने चिड़ियाघर का निरीक्षण किया।

दक्षिण खैरबाड़ी रेस्क्यू सेंटर से नौ वर्षीय नर चीता ‘लक्ष्य’ और 11 वर्षीय मादा चीता ‘ढालिया’ को सुरुलिया मिनी जू में लाया जा रहा है। नए साल की शुरुआत में जिले के पर्यटक और दर्शक इन दोनों चीतों को देख सकेंगे। चीतों को लाने की तैयारी अंतिम चरण में है। हाल ही में वेस्ट बंगाल जू अथॉरिटी के इंजीनियरों ने चिड़ियाघर का निरीक्षण किया था। छोटा चिड़ियाघर की मामूली मरम्मत और सीसीटीवी लगाने का काम बाकी है, जिसे जनवरी के मध्य तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

वन मंत्री मनोज कुमार ओरांव ने बताया कि वह मुख्यमंत्री के निर्देश पर यहां पहुंचे हैं। जल्द ही सुरुलिया मिनी जू में दो चीते लाए जाएंगे। चिड़ियाघर का विस्तार किया जाएगा और इसके लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत लायन सफारी विकसित की जाएगी। निरीक्षण के दौरान विभागीय राज्यमंत्री दिवाकर घरामी समेत वन विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

चीतों को लाने की योजना लंबे समय से अटकी हुई थी। इसी तरह सुरुलिया मिनी जू को पूर्ण चिड़ियाघर के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव भी वर्षों से विभिन्न जटिलताओं के कारण लंबित था। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर इस परियोजना को गति मिली है। इस वर्ष 28 दिसंबर तक पूर्ण चिड़ियाघर का मास्टर प्लान वेस्ट बंगाल जू अथॉरिटी के पास जमा करने का लक्ष्य रखा गया है। मास्टर प्लान की सबसे खास परियोजना एशियाटिक लायन सफारी होगी।

वर्ष 1998 में वामपंथी शासन के दौरान 6.9 हेक्टेयर जमीन पर डियर पार्क के रूप में सुरुलिया पार्क की स्थापना हुई थी। 2005 में इसे मिनी जू का रूप दिया गया। इसके बाद चीतों को लाने और मिनी जू को पूर्ण चिड़ियाघर में बदलने की योजना बनाई गई, लेकिन वर्षों तक इसे अमलीजामा नहीं पहनाया जा सका। अब नए मास्टर प्लान के तहत चिड़ियाघर का व्यापक विस्तार किया जाएगा। वर्तमान परिसर के साथ 52.6 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन जोड़ी जाएगी, जिससे पूर्ण चिड़ियाघर का कुल क्षेत्रफल 59.5 हेक्टेयर हो जाएगा।

विस्तारित चिड़ियाघर में लायन सफारी के लिए 20 हेक्टेयर जमीन निर्धारित की जाएगी। इसके अलावा पर्यटकों के ठहरने के लिए आवास और चार नए वॉच टावर बनाए जाएंगे। वर्तमान में यहां एक वॉच टावर मौजूद है। विस्तार के बाद सुरुलिया चिड़ियाघर पुरुलिया के पर्यटन क्षेत्र में एक नया आकर्षण बन सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा