पुरुलिया : रंगदारी वसूलने के आरोप में तृणमूल छात्र परिषद के जिलाध्यक्ष गिरफ्तार
पुरुलिया, 26 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में कथित रंगदारी मांगने के आरोप में तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के जिलाध्यक्ष कीर्ति आचार्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिले में कथित रंगदारी मांगने और धमकी देने के मामलों में चल रही कार्रवाई के बीच यह ताजा गिरफ्तारी हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय बाउरी नामक व्यक्ति ने शनिवार को पारा थाने में कीर्ति आचार्य के खिलाफ कथित रंगदारी और धमकी देने का लिखित आरोप दर्ज कराया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कीर्ति आचार्य को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुरुलिया जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को पुलिस हिरासत की मांग के साथ रविवार को रघुनाथपुर अदालत में पेश किया गया।
गौरतलब है कि पुरुलिया में कथित रंगदारी और नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी के मामलों में पिछले कुछ दिनों से लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं। इससे पहले पुलिस ने पुरुलिया जिला परिषद के सहायक सभाधिपति सुजय बनर्जी, जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सद्दाम हुसैन अंसारी, जिला युवा तृणमूल अध्यक्ष गौरव सिंह तथा तृणमूल नेताओं के कथित करीबी तुषार अवस्ती को गिरफ्तार किया था। बाद में बड़ाबाजार क्षेत्र में तृणमूल श्रमिक यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष चंदन सिंह मल्ल को भी इसी तरह के आरोपों में गिरफ्तार किया गया था।
अब तृणमूल छात्र परिषद के जिला अध्यक्ष कीर्ति आचार्य की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया राजनीतिक महत्व हासिल कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शिकायत में लगाए गए आरोपों के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

