home page

पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर चोरी के 15 मोबाइल के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार

 | 
पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर चोरी के 15 मोबाइल के साथ दो महिलाएं गिरफ्तार


पुरुलिया, 30 जून (हि. स.)। पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में चोरी के 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन के साथ दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर विभिन्न ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों के मोबाइल चोरी करने का आरोप है। मामले की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब छह बजे पुरुलिया जीआरपी थाना के सब-इंस्पेक्टर समीर मुखर्जी ने लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह कॉन्स्टेबल नागेश्वर ओरांव, लेडी कॉन्स्टेबल ममता टुडू (पुरुलिया जीआरपी), एएसआई रामबाबू यादव तथा आरपीएफ पोस्ट पुरुलिया के हेड कॉन्स्टेबल हेमराज मीणा के साथ पुरुलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर अपराध निरोधक निगरानी एवं चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे।

इसी दौरान पुलिस टीम की नजर स्टेशन पर एक बेंच पर बैठी दो महिलाओं पर पड़ी, जिनके पास नीचे दो सफेद रंग के प्लास्टिक बैग रखे हुए थे। संदेह होने पर महिला कांस्टेबल की मौजूदगी में दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उनकी पहचान रामकली देवी सिंह (29) तथा राप्ती देवी सिंह (39) के रूप में हुई। दोनों पुरुलिया जिले के बलरामपुर थाना अन्तर्गत पार्कीडीह एवं छुटकीडीह इलाके की निवासी है।

तलाशी के दौरान दोनों महिलाओं के पास से कुल 15 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस के पूछने पर वे बरामद मोबाइल फोन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अलग-अलग चलती ट्रेनों में यात्रियों से मोबाइल चोरी किए थे और उन्हें बेचने के लिए ले जा रही थीं। इसके बाद पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में सभी मोबाइल फोन जब्त कर दोनों आरोपितों को उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को जब्त मोबाइल फोन के साथ पुरुलिया जीआरपी थाना लाया गया, जहां मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पश्चिम बंगाल पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता