home page

पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर भटकती मिली 11 वर्षीय बच्ची, जीआरपी ने पिता को सौंपा

 | 
पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर भटकती मिली 11 वर्षीय बच्ची, जीआरपी ने पिता को सौंपा


पुरुलिया, 17 नवंबर (हि.स.)। पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर शाम रेलवे सुरक्षा कर्मियों ने एक भटकती हुई 11 वर्षीय बच्ची को सुरक्षित परिवार से मिलाया। आवश्यक पूछताछ और सत्यापन के बाद बच्ची को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

मंगलवार सुबह रेलवे द्वारा दिए जानकारी अनुसार, सोमवार 16 नवंबर 2026 की शाम पुरुलिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो और तीन पर एक बच्ची अकेले इधर-उधर भटकती हुई मिली। ड्यूटी पर तैनात पुरुलिया राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अधिकारियों और जवानों की नजर उस पर पड़ी। इसके बाद बच्ची को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया गया।

महिला कांस्टेबल (एलसी) 639 सलमा खातून बच्ची को चाइल्ड फ्रेंडली कॉर्नर ले गईं। वहां बच्ची की समझाइश और पूछताछ के दौरान पता चला कि मां की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। बच्ची की पहचान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर टाउन थाना क्षेत्र के राजग्राम आदिवासी पाड़ा निवासी शंभु प्रमाणिक की पुत्री छंदा प्रमाणिक के रूप में हुई।

इसके बाद जीआरपी ने बच्ची के पिता से संपर्क किया। आवश्यक जानकारी और पहचान का सत्यापन करने के बाद बच्ची को सुरक्षित उसके पिता को सौंप दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता