home page

खड़गपुर स्टेशन के पास पुरुलिया एक्सप्रेस पर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा

 | 
खड़गपुर स्टेशन के पास पुरुलिया एक्सप्रेस पर पथराव, खिड़की का शीशा टूटा


खड़गपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। हावड़ा से पुरुलिया जा रही पुरुलिया एक्सप्रेस पर मंगलवार रात खड़गपुर स्टेशन में प्रवेश करने से पहले पथराव की घटना सामने आई है। पत्थर लगने से ट्रेन के डी-आठ कोच की खिड़की का शीशा टूट गया। इस घटना से यात्रियों में भय का वातावरण बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन जब खड़गपुर स्टेशन के होम सिग्नल के पास पहुंच रही थी, तभी हाथीगोला पुल के निकट बाहर से किसी ने पत्थर फेंका। पत्थर सीधे अप पुरुलिया एक्सप्रेस के डी-आठ कोच की खिड़की पर लगा। इससे शीशा टूट गया। इतना ही नहीं, खिड़की में लगी लोहे की दो समानांतर छड़ें भी मुड़ गईं।

यात्रियों के अनुसार, घटना के समय संबंधित कोच में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का कोई जवान मौजूद नहीं था। झारग्राम जिले के नयाग्राम निवासी यात्री ने खड़गपुर स्टेशन पहुंचने के बाद आरपीएफ नियंत्रण कक्ष में फोन कर घटना की शिकायत दर्ज कराई।

शिकायतकर्ता यात्री ने बताया कि जिस खिड़की पर पत्थर लगा, उसके पास एक महिला बैठी थीं। उनके बगल में एक युवक और उसके बाद वह स्वयं बैठे थे। संयोग से महिला ने उसी समय अपनी सीट बदल ली थी, जिससे वह पत्थर की चपेट में आने से बच गईं। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटना से यात्री भयभीत हैं और उनकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने बताया कि खड़गपुर स्टेशन पर उतरने के बाद उन्होंने पहले टिकट काउंटर पर शिकायत करने की बात कही, जहां से उन्हें प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर स्थित आरपीएफ चौकी जाने को कहा गया। समय की कमी के कारण उन्होंने फोन से ही आरपीएफ नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई।

आरपीएफ की ओर से बताया गया है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता