पुरुलिया : बंदवान विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य ढांचे के विकास की कई परियोजनाएं प्रक्रियाधीन - स्वास्थ्य मंत्री
कोलकाता, 24 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के प्रभारी मंत्री शारद्वत मुखर्जी ने विधानसभा में बताया कि राज्य सरकार पुरुलिया जिले के बंदवान विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए चरणबद्ध तरीके से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के तीन ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर कार्रवाई चल रही है।
मंत्री ने सदन को बताया कि बंदवान विधानसभा क्षेत्र के बराबाजार, बंदवान और बारी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बराबाजार ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 शैय्याओं के विस्तार का प्रस्ताव फिलहाल स्वास्थ्य विभाग में प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने बताया कि बराबाजार स्वास्थ्य केंद्र में 58.5 केवीए क्षमता के जनरेटर के माध्यम से विद्युत बैकअप व्यवस्था स्थापित करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 17 लाख 40 हजार 43 रुपये का लागत अनुमान तैयार किया है। इसी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर रहा है।
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जैव-चिकित्सा अपशिष्ट (बायोमेडिकल वेस्ट) के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए साझा संग्रहण केंद्र (कॉमन कलेक्शन प्वाइंट) के निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर सत्यापन के लिए जिला परिषद कार्यालय को भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि बंदवान और बारी ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी विद्युत बैकअप व्यवस्था और साझा संग्रहण केंद्र के निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा बंदवान विधानसभा क्षेत्र के सिदरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और गुरुड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार के लिए भी प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन कार्यों की अनुमानित लागत से संबंधित प्रस्ताव फिलहाल विभागीय प्रक्रिया में हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाना है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

