घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे आए खानाकुल के विधायक सुशांत घोष
हुगली, 05 नवंबर (हि. स.)। मुख्यमंत्री की प्रशासनिक सभा की सुरक्षा ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी दुर्घटना का शिकार हो गए। गुरुवार को सभा स्थल के पास ड्यूटी निभाते समय सड़क पर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। सिर फटने के कारण वह रक्तरंजित हालत में सड़क पर पड़े थे।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री की सभा समाप्त होने के बाद उसी रास्ते से खानाकुल के विधायक सुशांत घोष गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर घायल पुलिसकर्मी पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विधायक ने बिना देर किए खुद आगे आकर उन्हें सड़क से उठाया और तत्काल आरामबाग के प्रफुल्ल चंद्र सेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में घायल पुलिसकर्मी को भर्ती कराकर उनके इलाज की व्यवस्था की गई।
मुख्यमंत्री की सभा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी के इस तरह दुर्घटनाग्रस्त होने से चिंता का माहौल बन गया। वहीं, विधायक सुशांत घोष ने जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। उनकी त्वरित पहल से घायल पुलिसकर्मी को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

