home page

आग लगने से कई घर जलकर राख, विधायक विमान घोष ने दिया मदद का आश्वासन

 | 
आग लगने से कई घर जलकर राख, विधायक विमान घोष ने दिया मदद का आश्वासन


हुगली, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हुगली जिले के पुरशुड़ा विधानसभा क्षेत्र के दामोदर नदी के बांध किनारे स्थित मजूमदार पाड़ा में सोमवार रात हुए भीषण अग्निकांड से कई परिवारों के घर जलकर राख हो गए। इस घटना में कल्पना हांसदा, सुकुमार हांसदा और अनिता हांसदा के परिवार प्रभावित हुए हैं।

घटना के बाद मंगलवार को पुरशुड़ा के विधायक विमान घोष ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहने और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विधायक विमान घोष ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित परिवारों के दुख को साझा करते हुए उनकी मदद करने का प्रयास किया जा रहा है। अग्निकांड में घर गंवाने वाले परिवारों को फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटने में सहयोग देने की पहल भी की जाएगी।

अग्निकांड के बाद प्रभावित परिवारों के सामने दोबारा घर-गृहस्थी बसाने की चुनौती है। ऐसे में विधायक की इस मुलाकात से पीड़ित परिवारों को मदद की उम्मीद जगी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय