अमृत भारत कार्य के कारण पुरीगामी छह ट्रेनों का परिचालन तीन माह के लिए स्थगित
कोलकाता, 1 मार्च (हि.स.)। ईस्ट कॉस्ट रेलवे ने पुरी स्टेशन पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्य के मद्देनज़र अगले तीन महीनों के लिए कई ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है। यह कार्य अमृत भारत स्कीम के तहत किया जा रहा है। खुरदा रोड मंडल में विभिन्न तिथियों पर छह पुरीगामी ट्रेनों को निरस्त किया गया है, जबकि 30 ट्रेनों के मार्ग को आंशिक रूप से छोटा किया गया है।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार—
(02839) शालीमार–पुरी स्पेशल 15, 22, 29 मार्च; 5, 12, 19, 26 अप्रैल; 3, 10 मई को रद्द रहेगी।
(02840) पुरी–शालीमार स्पेशल 16, 23, 30 मार्च; 6, 13, 20, 27 अप्रैल; 4, 11 मई को रद्द रहेगी।
(08011) भंजपुर–पुरी स्पेशल मार्च, अप्रैल और मई की निर्धारित कई तिथियों पर निरस्त रहेगी।
(08012) पुरी–भंजपुर स्पेशल भी उपरोक्त अवधि में विभिन्न तिथियों पर रद्द रहेगी।
(68409) खुरदा रोड–पुरी मेमू 15 मार्च से 15 मई तक रद्द रहेगी।
(68410) पुरी–खुरदा रोड मेमू भी इसी अवधि में निरस्त रहेगी।
इसके अलावा (12145/12146) लोकमान्य तिलक–पुरी एक्सप्रेस तथा (22201/22202) सियालदह–पुरी दुरंतो एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग को आंशिक रूप से संक्षिप्त किया गया है।
माध्यमिक और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं के बाद छुट्टियों के दौरान पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जाते हैं। ऐसे समय में ट्रेनों के रद्द रहने से यात्रियों में निराशा देखी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

