रायगंज में घर-घर पहुंचेगा शुद्ध पेयजल, तालाब भरने पर मंत्री की सख्त चेतावनी
उत्तर दिनाजपुर, 06 सितंबर (हि. स.)। लंबे इंतजार के बाद रायगंज शहर में घर-घर शुद्ध पेयजल पहुंचाने की योजना का काम पूरा हो गया। रविवार को शहर के घड़ी मोड़ इलाके में राज्य के मंत्री और रायगंज के विधायक कौशिक चौधरी ने फीता काटकर परियोजना का उद्घाटन किया। इस मौके पर एसडीओ, राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधान शिक्षक शुभेंदु मुखर्जी सहित नगरपालिका के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि यह परियोजना कई वर्ष पहले शुरू हुई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से अधूरी पड़ी थी। वर्तमान नगरपालिका बोर्ड की पहल से इसे पूरा किया गया है। पहले चरण में शहर के करीब 20 हजार परिवारों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, बाकी 14 हजार परिवारों के लिए भी राशि स्वीकृत हो चुकी है और आने वाले कुछ महीनों में उनके घरों तक भी पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। पानी की आपूर्ति के लिए शहर में कुल आठ जलाशय बनाए गए है। इनमें चार ओवरहेड और चार भूमिगत जलाशय शामिल है। फिलहाल सुबह साढ़े सात से साढ़े आठ बजे और शाम चार से पांच बजे तक जलापूर्ति की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एक और समय पानी की आपूर्ति शुरू की जा सकती है। फिलहाल नागरिकों से पानी के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा, हालांकि प्रत्येक कनेक्शन पर पानी की खपत मापने के लिए मीटर लगाया जा रहा है।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान मंत्री कौशिक चौधरी ने लोगों से पानी की बर्बादी नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पानी जीवन के लिए बेहद जरूरी है, इसलिए इसका इस्तेमाल सोच-समझकर किया जाना चाहिए। वहीं, रायगंज में अवैध रूप से तालाब भरने के मुद्दे पर भी मंत्री ने सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि विवादित तालाबों में पुलिस की ओर से धारा 144 लागू कर नोटिस जारी किए गए हैं और तालाब भरकर बहुमंजिली इमारत बनाने के प्रयासों पर रोक लगा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

