पूर्व मेदिनीपुर में होली के दौरान 30 करोड़ से अधिक की शराब बिकी
मेदिनीपुर, 06 मार्च (हि.स.)।
होली के दोरान पूर्व मेदिनीपुर जिले में भारी मात्रा में शराब की बिक्री हुई है। आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार, चालू महीने की एक तारीख से चार तारीख तक केवल चार दिनों में ही जिले में कुल 30 करोड़ 11 लाख रुपये की शराब बेची गई।
उत्सव के माहौल में जिले के विभिन्न लाइसेंस प्राप्त शराब दुकानों में खरीदारों की भीड़ देखने को मिली। पूर्व मेदिनीपुर जिले में दीघा, मंदारमणि और ताजपुर समेत कई लोकप्रिय पर्यटन स्थल मौजूद हैं। इसलिए किसी भी छुट्टी के मौसम में राज्य के विभिन्न हिस्सों के साथ-साथ दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक यहां आते हैं।
समुद्र तट पर छुट्टियां मनाने आने वाले कई पर्यटक उत्सव के आनंद में शराब का सेवन करना पसंद करते हैं। इसी कारण होली जैसे त्योहार के समय जिले में शराब की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, ऐसा आबकारी विभाग का मानना है। जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, इन चार दिनों में देसी शराब की बिक्री लगभग दो लाख 77 हजार लीटर हुई। इसके साथ ही विदेशी शराब की बिक्री लगभग एक लाख 86 हजार लीटर रही। इसके अलावा लगभग एक लाख 85 हजार लीटर बीयर भी बेची गई। कुल मिलाकर त्योहार के मौसम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की भारी मांग देखने को मिली।
दूसरी ओर, अवैध रूप से शराब की बिक्री के खिलाफ फरवरी महीने में जिले में आबकारी विभाग और प्रशासन ने अभियान चलाया। विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर देसी, विदेशी और चोलाई शराब की अवैध बिक्री के आरोप में कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। अभियान के दौरान देसी-विदेशी मिलाकर लगभग साढ़े छह हजार लीटर शराब और नौ मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं, ऐसा पुलिस सूत्रों ने बताया।
प्रशासन का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान को और तेज किया जाएगा। त्यौहार के मौसम में जहां शराब की बिक्री बढ़ती है, वहीं अवैध शराब को रोकने के लिए प्रशासन की निगरानी भी समान रूप से बढ़ाई गई है, ऐसा आबकारी विभाग के सूत्रों ने बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

